उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री Arun Sao ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में कयाकिंग-कैनोइंग खेल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने यह बात नवा रायपुर के सेंध जलाशय में आयोजित 36वीं नेशनल कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कही।
तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 24 राज्यों के 810 खिलाड़ियों के साथ करीब 400 अधिकारी, खेल संघों के पदाधिकारी और सपोर्टिंग स्टाफ शामिल हुए। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश ओवरऑल चैंपियन बना, जबकि केरल और ओडिशा क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
समापन समारोह में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री Guru Khushwant Saheb भी उपस्थित रहे। दोनों मंत्रियों ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
खेल युवाओं के विकास का सशक्त माध्यम
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी कयाकिंग-कैनोइंग सहित विभिन्न खेलों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश में खेलों के विकास और खिलाड़ियों की बेहतरी के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार वर्ष 2047 तक देश को विश्व की पांच प्रमुख खेल शक्तियों में शामिल करने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। खिलाड़ियों को ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों में अधिक से अधिक पदक दिलाने के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं।
“जो खेलेगा वही खिलेगा”
अरुण साव ने युवाओं से खेलों में अधिकाधिक भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और अनुशासन का भी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान से सम्मान, पहचान, सफलता और बेहतर करियर के अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं।
उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “जो खेलेगा वही खिलेगा, इसलिए खूब खेलें और आगे बढ़ें।” साथ ही नवा रायपुर में प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।
खेल अब बेहतर करियर का विकल्प
तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद तीन दिनों तक प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ और खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि आज खेल एक बेहतर करियर विकल्प बन चुका है और सरकार खेल अधोसंरचना तथा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
विभिन्न स्तरों पर हुई प्रतियोगिताएं
सेंध जलाशय में आयोजित इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप के तहत महिला एवं पुरुष वर्ग में जूनियर और सब-जूनियर स्तर की विभिन्न कयाकिंग एवं कैनोइंग स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
समापन समारोह में छत्तीसगढ़ प्रदेश कयाकिंग-कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया, सचिव प्रशांत रघुवंशी, एशियन कयाकिंग-कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रशांत कुशवाहा, डॉ. डी.के. सिंह तथा विपिन दास सहित विभिन्न राज्यों के खेल पदाधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
