जिले के युवाओं के लिए रोजगारपरक एवं तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का सुनहरा अवसर उपलब्ध हुआ है। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) जनकपुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न व्यवसायों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 15 जून 2026 तक निर्धारित वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्राचार्य, शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था जनकपुर ने बताया कि संस्थान में कोपा (एससीवीटी) एक वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए 48 सीटें, विद्युतकार (एससीवीटी) द्विवर्षीय पाठ्यक्रम के लिए 20 सीटें तथा सिलाई टेक्नोलॉजी (एससीवीटी) एक वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए 40 सीटें उपलब्ध हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
प्रवेश प्रक्रिया तीन चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण में 16 जून से 22 जून तक प्रथम चयन सूची जारी की जाएगी तथा 23 जून से 25 जून तक चयनित अभ्यर्थियों का प्रवेश होगा। द्वितीय चरण में 26 जून से 3 जुलाई तक द्वितीय चयन सूची जारी की जाएगी और 4 जुलाई से 7 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। तृतीय चरण में 8 जुलाई से 12 जुलाई तक तृतीय चयन सूची जारी होगी तथा 13 जुलाई से 15 जुलाई तक प्रवेश दिए जाएंगे।
आईटीआई में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना तथा कम से कम 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। प्रवेश 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाने वाली मेरिट सूची के अनुसार किया जाएगा।
ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने 10वीं अथवा 12वीं कक्षा उत्तीर्ण कर ली है और तकनीकी कौशल के माध्यम से अपना भविष्य संवारना चाहते हैं, उनके लिए आईटीआई जनकपुर एक बेहतर विकल्प है।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। प्रवेश एवं पाठ्यक्रमों से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था जनकपुर अथवा निकटतम आईटीआई से संपर्क कर सकते हैं।
समाचार क्रमांक/06/लोकेश
