Rohit Sharma Padma Shri Award : नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा को देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया। भारतीय क्रिकेट में करीब दो दशकों तक दिए गए उनके असाधारण योगदान को देखते हुए उन्हें इस सम्मान से नवाजा गया।
19 साल बाद मिला पद्मश्री का गौरव
रोहित शर्मा के लिए यह सम्मान इसलिए भी खास है क्योंकि उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की शुरुआत के ठीक 19 साल बाद उन्हें यह उपलब्धि हासिल हुई। उन्होंने 23 जून 2007 को आयरलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने सितंबर 2007 में टी20 और साल 2013 में टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा।
दुनिया के सबसे खतरनाक सलामी बल्लेबाजों में शुमार
करियर की शुरुआत मध्यक्रम बल्लेबाज के तौर पर करने वाले रोहित शर्मा ने 2013 से ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाली और क्रिकेट जगत के सबसे सफल सलामी बल्लेबाजों में अपनी जगह बनाई। उनकी शानदार बल्लेबाजी, बड़े शॉट खेलने की क्षमता और दबाव में मैच जिताने वाली पारियों ने उन्हें विश्व क्रिकेट में अलग पहचान दिलाई।
रोहित के नाम दर्ज हैं कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 67 टेस्ट, 285 वनडे और 159 टी20 मुकाबले खेले हैं। टेस्ट में उन्होंने 4,301 रन, वनडे में 11,720 रन और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 4,231 रन बनाए हैं। उनके नाम वनडे क्रिकेट में सबसे अधिक तीन दोहरे शतक लगाने का अनोखा रिकॉर्ड दर्ज है। इसके अलावा 264 रन की ऐतिहासिक पारी वनडे क्रिकेट का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा 653 छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी रोहित के नाम है, जिसकी वजह से उन्हें ‘हिटमैन’ के नाम से जाना जाता है।
कप्तानी में भारत को दिलाई कई बड़ी जीत
रोहित शर्मा भारत के सबसे सफल कप्तानों में गिने जाते हैं। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने एशिया कप, टी20 विश्व कप 2024 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जैसे बड़े खिताब अपने नाम किए। इसके अलावा उनकी अगुवाई में टीम इंडिया ने वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल तक का सफर तय किया था।
विजय अमृतराज और सविता पुनिया को भी मिला सम्मान
पद्म पुरस्कार समारोह में पूर्व टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज को पद्म भूषण और भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता पुनिया को पद्मश्री सम्मान से सम्मानित किया गया। यह समारोह भारतीय खेल जगत की उपलब्धियों और खिलाड़ियों के योगदान को सम्मान देने वाला यादगार पल बन गया।
