रायगढ़। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त 41वें चक्रधर समारोह का बुधवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने महाराजा चक्रधर सिंह की कला साधना और उनके योगदान को नमन करते हुए कहा कि चक्रधर समारोह ने रायगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाई है।
समापन अवसर पर वित्त मंत्री ने रायगढ़ के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं और परियोजनाओं का रोडमैप प्रस्तुत किया। उन्होंने रायगढ़ में कला एवं संगीत महाविद्यालय की स्थापना, अगले पांच वर्षों में 10 नए ऑक्सीजन गार्डन विकसित करने सहित विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। खर्रा घाट में करीब पांच एकड़ क्षेत्र में ऑक्सीजन गार्डन विकसित किया जाएगा।
2 करोड़ से बनेगा कंटेंट क्रिएटर्स स्टूडियो
रायगढ़ में युवाओं और रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए आधुनिक कंटेंट क्रिएटर्स स्टूडियो बनाया जाएगा। वित्त मंत्री के अनुसार, इस स्टूडियो के निर्माण पर करीब 2 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यहां स्थानीय युवाओं, कलाकारों और कंटेंट क्रिएटर्स को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच देने का अवसर मिलेगा।
शहर के विकास के लिए कई परियोजनाओं पर जोर
रायगढ़ के समग्र विकास के तहत राजू नगर में डेयरी, गजमार पहाड़ और नगर वन के विकास के साथ खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया जा रहा है। इसके अलावा मरीन ड्राइव, सड़कों के चौड़ीकरण और रिंग रोड जैसी परियोजनाएं भी विकास कार्यों में शामिल हैं।
कयाघाट, केवड़ावाड़ी, राजा महल और गोवर्धनपुर में पुल निर्माण से शहर की कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
कलाकारों का हुआ सम्मान
समापन समारोह में कलाकार आयुष नामदेव और उनके बैंड का सम्मान किया गया। वहीं नारायणपुर से आए पुनर्वासित कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। उनकी कला प्रस्तुति के सम्मान में 51 हजार रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की गई।
समारोह में सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। चक्रधर समारोह के समापन के साथ रायगढ़ की कला, संगीत और सांस्कृतिक परंपरा के इस प्रतिष्ठित आयोजन का 41वां संस्करण संपन्न हुआ।
