कवर्धा। कवर्धा शहर के सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी परियोजना की शुरुआत होने जा रही है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा और उप मुख्यमंत्री अरुण साव 24 सितंबर को कवर्धा में 4 लेन सड़क एवं डिवाइडर निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम नवीन कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित किया जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-30 के किलोमीटर 50 से 57 तक करीब 7.8 किलोमीटर सड़क का 54 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन में उन्नयन किया जाएगा। इसके साथ ही सड़क पर डिवाइडर का भी निर्माण होगा। प्रस्तावित सड़क रायपुर मार्ग से बिलासपुर मार्ग तक चंद्रयान हॉस्पिटल से कवर्धा शहर होते हुए जोराताल के आगे तक विकसित की जाएगी।
शहर में आवागमन होगा आसान
फोरलेन सड़क परियोजना पूरी होने के बाद कवर्धा शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आवागमन को सुगम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। सड़क के विस्तार से शहर में बढ़ते यातायात दबाव को व्यवस्थित करने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।
धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप बनेंगे प्रवेश द्वार
परियोजना के तहत दो स्थानों पर भव्य प्रवेश द्वार भी बनाए जाएंगे। इन प्रवेश द्वारों को कवर्धा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा। इससे शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों को नया स्वरूप मिलने की उम्मीद है।
भूमिपूजन समारोह में सांसद संतोष पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे।
