मध्यप्रदेश के 8वें टाइगर रिजर्व रातापानी का शुक्रवार को भव्य लोकार्पण किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10:30 बजे सीहोर जिले के झिरी गांव में करेंगे। यह आयोजन रिजर्व के कोर क्षेत्र में स्थित गोल जोड़ पर होगा।
बाइक जागरूकता रैली को सीएम दिखाएंगे हरी झंडी
इस अवसर पर सीएम एक विशेष बाइक जागरूकता रैली को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह रैली ‘एक विरासत से विकास की अनूठी दौड़’ थीम पर आधारित है और भोपाल के एकांत पार्क तक जाएगी। इस कार्यक्रम में वन राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार और प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा भी उपस्थित रहेंगे।
रातापानी: 8वां टाइगर रिजर्व
रातापानी को प्रदेश का 8वां टाइगर रिजर्व घोषित किया गया है, जो न केवल वन्यजीव संरक्षण बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि इसी साल मध्यप्रदेश को 9वां टाइगर रिजर्व माधव टाइगर रिजर्व के रूप में मिलेगा।
हाथी प्रबंधन सीखने की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण और प्रबंधन के क्षेत्र में राज्य नई पहल कर रहा है। अफसरों को हाथी प्रबंधन सिखाने के लिए बाहर भेजा जा रहा है। इसके साथ ही सीएम ने यह भी बताया कि वे स्वयं जनवरी में असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान जाएंगे और हाथी प्रबंधन के बारे में सीखेंगे।
टाइगर स्टेट का दर्जा बरकरार
मध्यप्रदेश, जिसे ‘टाइगर स्टेट’ कहा जाता है, अब 8 टाइगर रिजर्व के साथ अपनी स्थिति को और मजबूत कर रहा है। रातापानी का लोकार्पण न केवल राज्य के वन्यजीव संरक्षण में मील का पत्थर साबित होगा, बल्कि पर्यावरण और इको-टूरिज्म के लिए भी यह एक बड़ी उपलब्धि है।
