रायपुर, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय महिला आयोग के कार्यालय में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर से सौजन्य भेंट की। इस दौरान महिला अधिकारों के संरक्षण, जागरूकता और सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल और प्रभावी आयोजन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। डॉ. ममता साहू ने कार्यक्रम के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग से आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और उपलब्ध सहायता तंत्र की जानकारी प्रभावी तरीके से देने पर जोर दिया गया।
राष्ट्रीय महिला आयोग के निर्देशन और मार्गदर्शन में प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। इसके जरिए महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराने और जमीनी स्तर पर जागरूकता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. ममता साहू ने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों और कानूनों की जानकारी देना सशक्तिकरण की पहली सीढ़ी है। राष्ट्रीय महिला आयोग के मार्गदर्शन से छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रभावी रूप से आयोजित करने और महिलाओं तक अधिकार एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाने के प्रयासों को नई गति मिलेगी।
छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा महिला अधिकार, सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए जागरूकता एवं प्रशिक्षण गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। राष्ट्रीय महिला आयोग के साथ समन्वय से प्रस्तावित यह कार्यक्रम प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को और व्यापक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
