National Sports Awards 2025 : राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 को लेकर बड़ा ऐलान हो गया है। खेल मंत्रालय ने मंगलवार, 18 अगस्त को इस साल के राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा की। अलग-अलग खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले 17 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया है। इसके अलावा तीन प्रशिक्षकों को द्रोणाचार्य अवॉर्ड देने का फैसला किया गया है। हालांकि, इस बार मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार किसी खिलाड़ी को नहीं दिया गया है।
दिव्या देशमुख समेत इन खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड
इस साल अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों की सूची में युवा शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख का नाम भी शामिल है। उनके अलावा एथलेटिक्स से तेजस्विन शंकर, मुहम्मद अजमल वी और प्रियंका गोस्वामी को सम्मान के लिए चुना गया है। बैडमिंटन में ट्रेसा जॉली और पुलेला गोपीचंद, बॉक्सिंग में नरेंद्र तथा शतरंज में विदित संतोष गुजराती को अर्जुन अवॉर्ड मिलेगा।
हॉकी से लालरेमसियामी और राजकुमार पाल, कबड्डी से सुरजीत और पूजा, पैरा शूटिंग से रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा एथलेटिक्स से एकता भ्यान, रोइंग से अरविंद सिंह और राइफल शूटिंग से अखिल श्योराण को भी इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया है। डेफ शूटिंग के धनुष श्रीकांत भी अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं।
लाइफटाइम अर्जुन अवॉर्ड भी दिया जाएगा
राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 में लाइफटाइम अर्जुन अवॉर्ड का सम्मान फुटबॉल खिलाड़ी आई अरुमनायगम को देने का फैसला किया गया है। यह पुरस्कार ऐसे खिलाड़ियों को दिया जाता है जिन्होंने अपने खेल करियर के दौरान उल्लेखनीय योगदान दिया और संन्यास के बाद भी किसी न किसी रूप में खेल से जुड़े रहकर उसके विकास में योगदान दिया।
तीन कोचों को मिलेगा द्रोणाचार्य अवॉर्ड
खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशिक्षकों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। एथलेटिक्स के परवीर सिंह, बॉक्सिंग के छोटे लाल यादव और शूटिंग की नेहा नंदकुमार चव्हाण को द्रोणाचार्य अवॉर्ड के लिए चुना गया है। इन प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है।
प्रदर्शन और खेल भावना के आधार पर होता है चयन
राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए खिलाड़ियों का चयन उनके पिछले चार वर्षों के प्रदर्शन के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता, खेल भावना और अनुशासन जैसे मानकों को ध्यान में रखकर किया जाता है। इस बार पुरस्कारों की घोषणा सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर की गई है।
