रायपुर, छत्तीसगढ़ के बस्तर की पहचान अब केवल अपनी प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध आदिवासी संस्कृति तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र में आ रहे सकारात्मक बदलाव और विकास की नई तस्वीर भी देशभर में अपनी पहचान बना रही है। गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव ‘भारत पर्व 2026’ में बस्तर के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के जरिए नक्सलवाद के अंधकार से विकास के उजास तक की यात्रा को जीवंत कर दिया।
1 से 15 नवंबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय महोत्सव में छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग की लोककला, पारंपरिक नृत्य और हस्तशिल्प आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय और गुजरात पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और देशभर से आए गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।
75 कलाकारों ने राष्ट्रीय मंच पर दिखाई बस्तर की सांस्कृतिक विरासत
कोंडागांव जिले के केशकाल विकासखंड के ग्राम बींजे और धनोरा के बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप के 75 कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के कलाकारों के साथ मिलकर स्थानीय कलाकारों ने लोककला और आधुनिक नाट्य मंचन का अनूठा संगम प्रस्तुत किया।
इस प्रस्तुति को तैयार करने में प्रसिद्ध लोक गायक सिद्धार्थ महाजन, तिलकराम दुग्गा और भूपेंद्र साहू का विशेष योगदान रहा। देशभर से करीब 5,000 कलाकारों की सहभागिता वाले इस आयोजन में बस्तर के कलाकारों की प्रस्तुति विशेष आकर्षण बनी।
नाटक में दिखाई बस्तर की बदलती तस्वीर, गांवों तक पहुंच रहा विकास
भारत पर्व का सबसे प्रभावशाली हिस्सा ‘नक्सलवाद के अंधकार से विकास के उजास’ तक बस्तर की यात्रा पर आधारित नाट्य मंचन रहा। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से दिखाया कि किस तरह बस्तर लंबे समय तक नक्सलवाद की चुनौतियों से जूझने के बाद अब विकास और शांति की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
नाटक में सड़कों, पुल-पुलियों, स्कूलों और कॉलेजों जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्रमुखता से दर्शाया गया। कलाकारों ने यह भी दिखाया कि विकास की नई पहल से आदिवासी समुदाय के जीवन में किस तरह उम्मीद, खुशहाली और आत्मविश्वास का संचार हो रहा है।
मांदरी नृत्य और बांस शिल्प ने भी जीता दर्शकों का दिल
बस्तर की पारंपरिक संस्कृति की झलक मांदरी लोकनृत्य के माध्यम से भी देखने को मिली। मांदर, ढोल और झांझ जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर गूंज पर कलाकारों ने ऐसी प्रस्तुति दी कि दर्शक भी झूम उठे।
वहीं छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदर्शित बस्तर के पारंपरिक बांस शिल्प और हस्तकला ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। भारत पर्व के मुख्य थीम पवेलियन में देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित की गई थी, जिसमें बस्तर की कला और परंपराओं ने अपनी अलग पहचान बनाई।
राष्ट्रीय मंच पर बस्तर की नई पहचान
भारत पर्व 2026 में बस्तर के कलाकारों की सहभागिता ने देशभर के लोगों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति से परिचित कराने का काम किया। इस आयोजन के माध्यम से बस्तर की पारंपरिक कला, सांस्कृतिक विरासत और विकास की बदलती तस्वीर राष्ट्रीय स्तर पर सामने आई।
बस्तर के कलाकारों की इस प्रस्तुति ने संदेश दिया कि यह क्षेत्र अपनी सांस्कृतिक जड़ों को सहेजते हुए शांति, विकास और नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है।
