राजधानी रायपुर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने रविवार को बड़े स्तर पर सर्च और वेरिफिकेशन अभियान चलाया। तेलीबांधा थाना क्षेत्र की बीएसयूपी कॉलोनी, लाभांडी में 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवानों ने 200 से ज्यादा मकानों की जांच की।
अभियान के दौरान किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों का सत्यापन किया गया। पुलिस टीम ने घर-घर पहुंचकर दस्तावेजों की जांच की और लोगों से आवश्यक जानकारी जुटाई।
यह अभियान पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइन) रमाकांत साहू के नेतृत्व में चलाया गया। इसमें तेलीबांधा थाना और पुलिस लाइन के जवान शामिल रहे।
इसके अलावा उत्तर जोन में भी वरिष्ठ अधिकारियों ने गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
