श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से श्रम विभाग बीजापुर द्वारा सामुदायिक सांस्कृतिक भवन में भव्य श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 500 पंजीकृत एवं अपंजीकृत श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और श्रम विभाग के अधिकारियों ने श्रमिकों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। वक्ताओं ने कहा कि श्रमिक समाज और देश की प्रगति की आधारशिला हैं तथा उनके हितों की रक्षा और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने श्रमिकों से श्रम विभाग में पंजीयन कराने और समय-समय पर उसका नवीनीकरण कराने की अपील की।
सम्मेलन के दौरान श्रम विभाग के अधिकारियों ने श्रमिक पंजीयन, श्रमिक पहचान पत्र, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना, प्रसूति सहायता, मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता, अटल उत्कृष्ट शिक्षा सहायता तथा औजार सहायता सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही श्रमिकों की समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान कर उन्हें योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में 150 नए निर्माण श्रमिकों का पंजीयन किया गया, जिससे वे शासन की सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के पात्र बन सके। इसके अलावा 280 पंजीकृत श्रमिकों को श्रमिक पहचान पत्र भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि श्रमिक पहचान पत्र विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज है।
सम्मेलन में श्रमिकों को उनके अधिकारों, श्रम कानूनों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रमिकों ने विभागीय योजनाओं में रुचि दिखाई और अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का संकल्प लिया।
श्रम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल पंजीयन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक पात्र श्रमिक को शासन की योजनाओं से जोड़कर उसके जीवन स्तर में सुधार लाना है। इसके लिए भविष्य में भी जागरूकता शिविर, पंजीयन अभियान और श्रमिक सम्मेलन आयोजित किए जाते रहेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि यह सम्मेलन श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है।
