रायपुर। शासन की डिजिटल सेवाओं के तहत संचालित सेवा सेतु पोर्टल आम नागरिकों के लिए त्वरित, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवा का प्रभावी माध्यम बन रहा है। मुंगेली जिले में सेवा सेतु के माध्यम से एक छात्रा को मात्र दो दिनों में आय प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया, जिससे उसका स्कूल में प्रवेश समय पर हो सका।
जानकारी के अनुसार, सुरीघाट निवासी राजेश्वरी निषाद को स्कूल में प्रवेश के लिए आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। प्रमाण पत्र समय पर नहीं मिलने की चिंता के बीच उनके पिता भगवत निषाद लोक सेवा केंद्र (तहसील कार्यालय परिसर) पहुंचे।
लोक सेवा केंद्र में सेवा सेतु के कर्मचारियों ने आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी की और सभी दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड किए। आवेदन का त्वरित निराकरण करते हुए मात्र दो दिनों में आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।
समय पर प्रमाण पत्र मिलने से राजेश्वरी का प्रवेश बिना किसी बाधा के पूरा हो गया। परिवार ने सेवा सेतु की त्वरित और पारदर्शी कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए जिला प्रशासन और लोक सेवा केंद्र का आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र सहित कई शासकीय सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे नागरिकों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और निर्धारित समय-सीमा में सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है।
