रायपुर। धमतरी जिले के प्रतिभाशाली और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अब निःशुल्क कोचिंग सुविधा मिलेगी। जिला प्रशासन ने बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (बीसीएस कॉलेज) में ‘पहल’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया है। इस अवसर पर विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए ‘युवा’ नामक पुस्तक का भी विमोचन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए मजबूत बुनियादी तैयारी, अनुशासन और सही मार्गदर्शन आवश्यक है। यह योजना विद्यार्थियों के बेसिक फाउंडेशन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग के साथ गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। उनकी तैयारी का नियमित मूल्यांकन करने के लिए समय-समय पर टेस्ट आयोजित होंगे तथा प्रदर्शन की समीक्षा कर आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, बीसीएस कॉलेज के प्राचार्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रशिक्षक, महाविद्यालय के प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से धमतरी के सैकड़ों युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा और वे सरकारी सेवाओं में चयनित होकर अपने भविष्य को नई दिशा दे सकेंगे।
