राज्य सरकार गन्ना किसानों की आय बढ़ाने और उत्पादन में सुधार के उद्देश्य से आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा दे रही है। इसी क्रम में सूरजपुर जिले के माँ महामाया सहकारी शक्कर कारखाना, केरता द्वारा गन्ना उत्पादक किसानों के लिए प्रशिक्षण और किसान चौपाल का आयोजन किया जा रहा है।
कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर आयोजित इस अभियान के तहत सूरजपुर, बलरामपुर और सरगुजा जिले के 267 गांवों के किसानों को आधुनिक खेती की नवीन तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य गन्ना उत्पादन बढ़ाना, खेती की लागत कम करना और किसानों की आय में वृद्धि करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसानों को उन्नत किस्म के बीजों का चयन, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, जल संरक्षण, वैज्ञानिक सिंचाई पद्धति, कीट एवं रोग नियंत्रण सहित आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी विशेषज्ञों द्वारा दी जा रही है। परसवार, मायापुर, बैकोना, पोडिया, बगड़ा, सुंदरगंज, रेवतपुर, कुंदीकला, धरमपुर और रुखपुर सहित कई गांवों में किसान चौपाल आयोजित की गई हैं।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को गन्ना खेतों का व्यवहारिक भ्रमण भी कराया जा रहा है, जहां उन्हें लाइन से लाइन की उचित दूरी, उन्नत किस्मों के उपयोग तथा कीट एवं रोगों की पहचान और नियंत्रण के व्यावहारिक तरीके बताए जा रहे हैं।
कारखाना प्रबंधन ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर अधिक उत्पादन और बेहतर गुणवत्ता वाला गन्ना तैयार करने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में गन्ना उत्पादन बढ़ने के साथ किसानों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो सके।
