ईरान के चाबहार बंदरगाह पर फंसे केरल के भारतीय नाविक अक्षय हरीश की स्वदेश वापसी का रास्ता साफ हो गया है। जरूरी यात्रा दस्तावेज खो जाने के कारण वह लंबे समय से ईरान में फंसे हुए थे। विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि भारतीय अधिकारियों ने अक्षय के लिए इमरजेंसी ट्रैवल सर्टिफिकेट जारी कर दिया है। अब उनकी जल्द भारत वापसी की तैयारी की जा रही है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को बताया कि 9 नवंबर को अक्षय हरीश के संपर्क करने के बाद तेहरान स्थित भारतीय दूतावास और बंदर अब्बास स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने तत्काल मामले में हस्तक्षेप किया। उन्होंने कहा कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा और भलाई सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों ने अक्षय से बातचीत करने के साथ उनके जहाज के मालिक और एजेंट से भी संपर्क किया तथा दस्तावेजों से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताओं की जानकारी दी।
पासपोर्ट और CDC खोने से बढ़ी परेशानी
केरल के कोल्लम जिले के प्रक्कुलम निवासी अक्षय हरीश वर्ष 2025 में जापान में ‘प्लम मरीन’ नामक मर्चेंट जहाज पर सवार हुए थे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, जब जहाज ईरान के चाबहार बंदरगाह पहुंचा, तब कप्तान ने उन्हें बताया कि उनका पासपोर्ट और कंटीन्यूअस डिस्चार्ज सर्टिफिकेट (CDC) खो गया है। CDC नाविकों के लिए एक आवश्यक दस्तावेज होता है। दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण अक्षय को जहाज से उतरना पड़ा और वह ईरान में ही फंस गए।
कंपनी कर रही रहने और खाने की व्यवस्था
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि अक्षय को उनकी कंपनी की ओर से सहायता मिल रही है। कंपनी उनके रहने और खाने-पीने की व्यवस्था कर रही है। भारतीय अधिकारियों ने जहाज के मालिक और एजेंट से संपर्क कर जरूरी दस्तावेज तैयार कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अक्षय के लिए इमरजेंसी ट्रैवल सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया है।
विदेश मंत्रालय अब उनके नियोक्ता के लगातार संपर्क में है, ताकि उनकी जल्द से जल्द भारत और केरल वापसी सुनिश्चित की जा सके।
साथियों के लौटने के बाद चाबहार में अकेले रह गए थे अक्षय
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अक्षय की परेशानी उस समय और बढ़ गई जब जहाज के अन्य सदस्य वहां से चले गए। जहाज पर मौजूद छह म्यांमार नागरिकों को उनके दूतावास के माध्यम से वापस भेज दिया गया, जबकि अक्षय चाबहार में ही रह गए। उनके परिवार के मुताबिक, उन्हें शुरुआत में लगभग 35 दिनों की छोटी समुद्री यात्रा की उम्मीद थी, लेकिन क्षेत्रीय संघर्ष और दस्तावेजों से जुड़ी समस्याओं के कारण उनकी वापसी में देरी होती चली गई।
परिवार से बातचीत के दौरान अक्षय ने अपनी परेशानी जाहिर करते हुए मदद की गुहार लगाई थी। अब इमरजेंसी ट्रैवल सर्टिफिकेट जारी होने के बाद उनके परिवार को उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद जगी है।
