सावन माह में अमरकंटक से कवर्धा तक निकलने वाली कांवड़ यात्रा के श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मृत्युंजय आश्रम, अमरकंटक में संचालित होने वाले निःशुल्क भंडारे हेतु भोजन सामग्री से भरे अन्नकूट रथ को रवाना किया। विधायक कार्यालय से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद “हर-हर नर्मदे” और “बोल बम” के जयकारों के बीच वाहन अमरकंटक के लिए रवाना हुए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, पुलिस जवाबदेही प्राधिकरण के सदस्य भगत पटेल, नरेंद्र मानिकपुरी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल के तहत मृत्युंजय आश्रम में कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क ठहरने और भोजन की व्यवस्था की जाएगी। भंडारे में प्रतिदिन दाल, भात, सब्जी, खीर, पूड़ी और हलवा जैसे व्यंजन श्रद्धालुओं को श्रद्धा और सेवा भाव के साथ परोसे जाएंगे।
पिछले वर्ष इस निःशुल्क भंडारे का लाभ हजारों श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों ने लिया था। इस वर्ष भी सेवा कार्य को और अधिक व्यापक रूप से संचालित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
गौरतलब है कि सावन माह में लाखों श्रद्धालु अमरकंटक से पवित्र जल लेकर भोरमदेव और बूढ़ा महादेव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पदयात्रा करते हैं। ऐसे में मृत्युंजय आश्रम का यह निःशुल्क भंडारा भक्ति, सेवा और जनसहयोग का महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है।
