गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायगढ़ जिले के ग्राम कोसमनारा स्थित प्रसिद्ध श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व गुरु के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पवित्र अवसर है। गुरु का आशीर्वाद जीवन को सही दिशा देने के साथ आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि कोसमनारा स्थित सत्यनारायण बाबा धाम लोगों की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा श्रद्धालुओं को शांति और आत्मविश्वास प्रदान करती है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर इस पवित्र धाम में पूजा-अर्चना करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण एवं विकास के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है। सरकार का प्रयास है कि सभी विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और छत्तीसगढ़ लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़े।
इस अवसर पर रायगढ़ नगर निगम के महापौर जीवर्धन चौहान, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
