इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय, रायपुर की प्राध्यापिका डॉ. राजश्री गायन और द्वितीय वर्ष की छात्रा तथा 8 सीजी गर्ल्स बटालियन (NCC) की कैडेट रिद्धिमा अग्रवाल ने 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए।
11 से 21 जुलाई 2026 तक माना स्थित शूटिंग रेंज में छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के निशानेबाजों ने हिस्सा लिया।
डॉ. राजश्री गायन ने 10 मीटर और 25 मीटर एयर पिस्टल (महिला मास्टर्स वर्ग) में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं कृषि महाविद्यालय की छात्रा और एनसीसी कैडेट रिद्धिमा अग्रवाल ने 50 मीटर ओपन साइट राइफल महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर महाविद्यालय और विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने दोनों विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी विश्वविद्यालय के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर नई उपलब्धियां हासिल करेंगे।
