मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 पर मिली शिकायत के आधार पर खाद्य विभाग ने जशपुर जिले के ग्राम लोदाम में एक बर्तन दुकान पर छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारित 13 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
खाद्य विभाग को हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत मिली थी कि लोदाम के मुख्य मार्ग स्थित एक बर्तन दुकान में बिना वैध लाइसेंस के करीब डेढ़ वर्ष से घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और बिक्री की जा रही है। शिकायत में सार्वजनिक स्थान पर गैस सिलेंडरों के अनधिकृत भंडारण से दुर्घटना की आशंका भी जताई गई थी।
शिकायत मिलने के बाद 28 जुलाई 2026 को सहायक खाद्य अधिकारी और खाद्य निरीक्षक ने संयुक्त जांच की। जांच के दौरान दुकान संचालक मुकेश कुमार साहू और रूपा साहू मौके पर मौजूद मिले।
निरीक्षण में दुकान और आवास से इंडेन कंपनी के 9 भरे और 1 खाली तथा बीपीसीएल के 3 खाली सिलेंडर सहित कुल 13 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए गए। जांच के दौरान केवल तीन वैध घरेलू गैस कनेक्शन के दस्तावेज प्रस्तुत किए गए, जबकि अतिरिक्त सिलेंडरों के संबंध में कोई वैध अनुमति या दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया।
वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर खाद्य विभाग ने सभी 13 सिलेंडरों को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से लोदाम स्थित अधिकृत गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिया। विभाग ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
खाद्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, परिवहन या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल सीएम हेल्पलाइन 1076 या संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
