रायपुर, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में छत्तीसगढ़ के गौरवशाली खेल इतिहास और खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने फोटो प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ की खेल विभूतियों के जीवन, संघर्ष, उपलब्धियों और खेल जगत में उनके योगदान से जुड़ी तस्वीरों और जानकारियों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खेल इतिहास और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की यह पहल सराहनीय है।
फोटो प्रदर्शनी में शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद पंकज विक्रम, शहीद कौशल यादव और शहीद विनोद चौबे सहित छत्तीसगढ़ की कई खेल विभूतियों के जीवन और योगदान को प्रदर्शित किया गया। वीर हनुमान सिंह के जीवन, खेल साधना और खेल जगत में उनके योगदान को भी प्रमुखता से स्थान दिया गया।
प्रदर्शनी में खिलाड़ियों के संघर्ष से सफलता तक के सफर को तस्वीरों और प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।
कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ में छत्तीसगढ़ का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के जीवन परिचय, खेल यात्रा, महत्वपूर्ण उपलब्धियों और योगदान को आकर्षक तस्वीरों के साथ संकलित किया गया है। यह पुस्तक प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों को दस्तावेजीकृत करने के साथ ही नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ की समृद्ध खेल विरासत से परिचित कराने का माध्यम बनेगी।
फोटो प्रदर्शनी और ‘हमारे खिलाड़ी’ कॉफी टेबल बुक को खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जनसंपर्क विभाग द्वारा तैयार किया गया है। इसके जरिए छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास, गौरवशाली खेल विभूतियों और वर्तमान खिलाड़ियों की उपलब्धियों को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया है।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, तकनीकी शिक्षा मंत्री खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विजय बघेल, विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू और सुनील सोनी सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
