रायपुर,राज्यपाल रमेन डेका ने बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम चाम्पा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नवनिर्मित सभाकक्ष का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में उन्होंने वरिष्ठ शिक्षकों, 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों, पीएटी में चयनित छात्रों और ‘हम होंगे कामयाब’ योजना के तहत रोजगार प्राप्त 9 युवाओं को सम्मानित किया।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता हासिल करने के लिए लक्ष्य के प्रति जुनून होना जरूरी है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य को हकीकत में बदलने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित सभाकक्ष से विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए सांस्कृतिक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने शिक्षक-छात्र संबंधों की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षकों को अपने आचरण के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए रोल मॉडल बनना चाहिए। राज्यपाल ने नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि यह विद्यार्थियों को कौशल विकास और विषय विशेषज्ञता हासिल करने में मददगार है।
डिजिटल तकनीक के संतुलित उपयोग की अपील
राज्यपाल ने विद्यार्थियों से मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और एआई सुविधाजनक जरूर हैं, लेकिन इनका जरूरत से ज्यादा उपयोग आत्ममंथन और रचनात्मकता को प्रभावित कर सकता है। विद्यार्थियों को तकनीक का इस्तेमाल आवश्यक और उपयोगी कार्यों के लिए करना चाहिए।
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने राज्यपाल के चाम्पा आगमन को गांव के लिए ऐतिहासिक और गौरव का क्षण बताया। उन्होंने अपने स्कूली दिनों को याद करते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ-साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी का बोध भी कराते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से असफलताओं से न घबराने और लगातार मेहनत करते रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने भी संबोधित किया।
मां की स्मृति में किया पौधरोपण
राज्यपाल रमेन डेका ने अपनी स्वर्गीय माता चम्पावती डेका की स्मृति में स्कूल परिसर में अमलताश का पौधा लगाया। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने ‘बिहान’ योजना से जुड़ी आजीविका दीदियों द्वारा लगाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस दौरान दीदियों ने धान और चावल के बीजों से तैयार हस्तनिर्मित राखी राज्यपाल को बांधी, जिसकी उन्होंने जमकर सराहना की।
समारोह में शिक्षक एवं शिक्षाविद एस.एम. पाध्ये, डॉ. निशा झा, डॉ. डी.एन. राय और भूषण धुरंधर सहित प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। 12वीं के स्टेट टॉपर जिज्ञासु वर्मा, 10वीं के साक्षी वर्मा और अमित कुमार टंडन तथा पीएटी में चयनित प्रवीण डहरिया, ममता साहू और मयंक वर्मा को भी सम्मान मिला। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
