छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री Ramvichar Netam ने राज्य में खाद की कीमतों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के चलते आने वाले समय में फर्टिलाइजर की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है।
कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों को इसके लिए मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य में उपयोग होने वाला अधिकांश फर्टिलाइजर बाहर से आता है और स्थानीय स्तर पर इसका उत्पादन नहीं होता। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का सीधा असर कीमतों पर पड़ सकता है।
रामविचार नेताम ने किसानों से जैविक और प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने की अपील करते हुए कहा कि रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करना समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल लागत घटाने में मदद करेगी, बल्कि भूमि की उर्वरता बनाए रखने में भी उपयोगी साबित होगी।
इधर, देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद ईंधन को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर की वृद्धि के बाद रायपुर में पेट्रोल 103.58 रुपये और डीजल 96.57 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
कीमत बढ़ने के बाद प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। लोग ईंधन खत्म होने की आशंका के बीच टंकियां फुल कराते नजर आए। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लोगों से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी ऑयल डिपो में नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति हो रही है और वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से केवल आवश्यकता अनुसार ही ईंधन लेने और किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचनाओं से दूर रहने का आग्रह किया।
