महासमुंद के भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड में एनालॉग पनीर के निर्माण एवं विक्रय पर प्रतिबंध के उल्लंघन की आशंका को लेकर राजस्व, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात दबिश दी। करीब तीन घंटे चली जांच के दौरान मध्य रात्रि में पनीर का निर्माण किए जाने की स्थिति सामने आई।
मौके पर उपलब्ध पनीर की गुणवत्ता और निर्माण में इस्तेमाल सामग्री को लेकर संदेह होने पर करीब 200 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया। अधिकारियों ने खाद्य सामग्री और निर्माण प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी जुटाई।
सुबह विभाग ने सील किए गए कोल्ड स्टोरेज को नियमानुसार खोलकर खाद्य सामग्री की जांच की। पनीर का नमूना लेकर गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है।
अभिहित अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रतिबंधित या मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण और विक्रय के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
