गरियाबंद, छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 10 नक्सली ढेर कर दिए गए हैं, जिनमें ₹1 करोड़ का इनामी सीसीएम मोडेम बालकृष्णा उर्फ मनोज भी शामिल है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को सराहा और कहा कि 31 मार्च तक लाल आतंक का समूल नाश सुनिश्चित होगा।
अमित शाह ने कहा, “CRPF की कोबरा कमांडो, छत्तीसगढ़ पुलिस और DRG की संयुक्त कार्रवाई में नक्सलियों को मार गिराया गया। समय रहते बचे-खुचे नक्सली आत्मसमर्पण कर दें।”
छत्तीसगढ़ के डिप्टी CM और गृह मंत्री विजय शर्मा ने भी सुरक्षा बलों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुठभेड़ में कई बड़े नक्सली नेता शामिल थे। शिक्षकों की हत्या पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षक की हत्या करने वाले को पुनर्वास नीति में शामिल नहीं किया जाएगा।
विजय शर्मा ने पुलिस भर्ती पर भी बात की और पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने 5 सालों में एक भी पुलिसकर्मी की भर्ती नहीं की थी, जबकि वर्तमान सरकार लगातार पुलिस बल को मजबूत कर रही है।
केंद्र सरकार के कर सुधार:
विजय शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार ने करदाताओं को बड़ी राहत दी है। 5 लाख से 12 लाख रुपये सालाना आय पर अब कोई टैक्स नहीं लगेगा। जीएसटी में सुधार के बाद चार स्लैब की जगह केवल दो स्लैब रह गए हैं और उपयोगी वस्तुओं पर कर शून्य कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इन सुधारों से आम जनता और उद्योग जगत दोनों को फायदा होगा। वस्त्र और हस्तशिल्प उद्योगों को विशेष लाभ मिलेगा, निर्यात बढ़ेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त होगी। साथ ही नवीकरणीय ऊर्जा को भी प्रोत्साहन मिलेगा और खाने-पीने की चीजें सस्ती होंगी।
आंकड़े बताते हैं:
2017 में 66.5 लाख जीएसटी करदाता थे, जो अब 2025 में बढ़कर 1.51 करोड़ हो गए हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में सकल जीएसटी संग्रह 22.08 लाख करोड़ रुपये रहा, जो केवल चार वर्षों में दोगुना हो गया।
