छत्तीसगढ़ के लिए खेल जगत से गर्व की खबर सामने आई है। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो प्रतिभाशाली खिलाड़ियों मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी चीन के मोकी में 30 अगस्त से 13 सितंबर तक आयोजित होने वाले जूनियर एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी तैयारियों की जानकारी भी ली। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार तथा संचालक श्रीमती तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
मधु सिदार और गीता यादव दोनों बिलासपुर की प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक श्री राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक श्री अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड के पोंगरो गांव की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से हैं। वह सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप, स्कूल नेशनल, सब-जूनियर इंटर जोन चैंपियनशिप और खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स में हिस्सा ले चुकी हैं। अप्रैल 2026 से वह बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं।
वहीं कबीरधाम जिले के बोड़ला की गीता यादव ने अपने हॉकी करियर की शुरुआत कोच शिवा चौहान के मार्गदर्शन में की। वह वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पदार्पण कर चुकी हैं। इसके बाद अर्जेंटीना, इंग्लैंड और स्कॉटलैंड दौरे पर भी भारतीय जूनियर टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। अब दोनों खिलाड़ी जूनियर एशिया कप में अपने प्रदर्शन से देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।
