CG Weather : रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है। शनिवार को सबसे ज्यादा तापमान 46 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि रायपुर में 44.1 डिग्री, दुर्ग में 44.2 डिग्री और बिलासपुर में 44.6 डिग्री तापमान रहा।
अगले पांच दिनों तक लू की चेतावनी
मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक ग्रीष्म लहर यानी लू चलने की चेतावनी जारी की है। सूखी हवाओं और साफ आसमान के कारण गर्मी का प्रभाव और बढ़ने वाला है। विभाग ने इन इलाकों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में रहे लू का अलर्ट
बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, बालोद और खैरागढ़-छुईखदान-गंड़ाई जिलों में एक-दो जगहों पर लू चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को रायपुर में आकाश मुख्य रूप से साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं।
लू से बचाव के उपाय अपनाएं
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें। खूब पानी पिएं, हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें और बच्चों व बुजुर्गों का खास ध्यान रखें। स्वास्थ्य विभाग ने भी अस्पतालों में गर्मी से संबंधित बीमारियों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
