नई दिल्ली: सोशल मीडिया के क्षेत्र में मेटा ने एक नया कदम बढ़ाया है। कंपनी ने चुपचाप ‘Forum’ नाम का नया ऐप लॉन्च किया है, जो iOS ऐप स्टोर पर उपलब्ध हो गया है। हालांकि, मेटा ने इसकी आधिकारिक घोषणा अभी तक नहीं की है। जानकारों का मानना है कि यह ऐप Reddit जैसी कम्युनिटी-ड्रिवन बातचीत पर केंद्रित होगा और मेटा फेसबुक और इंस्टाग्राम से आगे बढ़कर नए डिजिटल क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।
फेसबुक अकाउंट जरूरी, पुराने ग्रुप्स का ट्रांसफर
Forum ऐप को इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स का फेसबुक अकाउंट होना अनिवार्य है। लॉगिन करने पर मौजूदा फेसबुक ग्रुप्स, प्रोफाइल डिटेल्स और एक्टिविटी अपने आप Forum में ट्रांसफर हो जाएंगी। हालांकि, पुराने ग्रुप्स फेसबुक पर भी बने रहेंगे। यूजर्स ऐप में निकनेम के जरिए पोस्ट कर सकते हैं, जिससे प्राइवेट और अनौपचारिक चर्चाओं को बढ़ावा मिलेगा।
AI फीचर्स से लैस ऐप
Forum में कई AI-पावर्ड फीचर्स शामिल किए गए हैं। ‘Ask’ फीचर यूजर्स को किसी भी सवाल का तुरंत जवाब और सुझाव देगा। वहीं, AI-पावर्ड एडमिन असिस्टेंट ग्रुप एडमिन्स को कंटेंट मॉडरेशन, कम्युनिटी मैनेजमेंट और स्वस्थ बातचीत बनाए रखने में मदद करेगा। इसके बावजूद अंतिम नियंत्रण एडमिन के पास ही रहेगा।
भारत में अभी उपलब्ध नहीं, iOS 18 या ऊपर जरूरी
Forum ऐप फिलहाल केवल iOS 18 या उससे ऊपर वाले डिवाइस पर काम करता है। इसकी उपयोग की न्यूनतम आयु सीमा 13 वर्ष रखी गई है। भारत में ऐप अभी लॉन्च नहीं हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर मेटा इसे बड़े स्तर पर लॉन्च करता है तो यह Reddit जैसी कम्युनिटी-बेस्ड प्लेटफॉर्म्स के लिए चुनौती बन सकता है।
मेटा की नई रणनीति
मेटा की यह पहल स्पष्ट संकेत देती है कि कंपनी अब सिर्फ फेसबुक और इंस्टाग्राम तक सीमित नहीं रहना चाहती। Forum ऐप के जरिए मेटा कम्युनिटी-फोकस्ड सोशल नेटवर्किंग में भी मजबूत उपस्थिति दर्ज करने की कोशिश कर रही है। यूजर्स और फैंस अब इस ऐप के भारत में लॉन्च होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
