Pakistan Quetta Railway Track Blast: क्वेटा। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में शनिवार को रेलवे ट्रैक के पास हुए भीषण विस्फोट में 23 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 47 लोग घायल हो गए। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास के इलाके में भगदड़ मच गई। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां इमरजेंसी घोषित कर दी गई है।
ट्रेन पटरी से उतरी, तीन डिब्बे हुए क्षतिग्रस्त
रेल अधिकारियों के अनुसार, क्वेटा कैंट की ओर जा रही शटल ट्रेन को चमन फाटक के पास निशाना बनाया गया। धमाके में ट्रेन का इंजन समेत तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जबकि दो डिब्बे पलट गए। धमाके के बाद इलाके में गोलियों की आवाजें भी सुनाई दीं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। आसपास की इमारतों की खिड़कियां और शीशे टूट गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, कोई संगठन नहीं ले सका जिम्मेदारी
धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस, सुरक्षा बल और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे इलाके को घेर लिया गया है और फंसे हुए यात्रियों को निकालने का अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। बलूचिस्तान में लंबे समय से अलगाववादी गतिविधियां सक्रिय हैं, जहां कई संगठन पाकिस्तान सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं।
रेल मंत्री ने हमले की निंदा की
पाकिस्तान के रेल मंत्री मोहम्मद हनीफ अब्बासी ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे कायराना आतंकी हमला बताया और कहा कि ऐसे हमले पाकिस्तान के आतंकवाद विरोधी अभियान को कमजोर नहीं कर सकते। अब्बासी ने फंसे यात्रियों को निकालने के लिए राहत ट्रेन और रेस्क्यू वाहन भेजे जाने की जानकारी दी। उन्होंने इस हमले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
