मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने महानदी भवन, नवा रायपुर में विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम जी के तहत राज्यव्यापी ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान का शुभारंभ किया। यह विशेष अभियान 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक चलेगा। इसके तहत प्रदेश के प्रत्येक गांव में मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालय का निर्माण तथा ग्रामीण क्षेत्रों के सभी शासकीय स्कूलों में बालिकाओं के लिए शौचालय बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के अंतर्गत 286.85 करोड़ रुपए की लागत से 6,671 बालिका शौचालयों और 391.44 करोड़ रुपए की लागत से 6,524 मुक्तिधाम-प्रतीक्षालयों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा 549 अतिरिक्त मुक्तिधामों का निर्माण भी किया जाएगा। जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 10,027 बंद या डिफंक्ट बोरवेलों में सैंड फिल्टर और रिचार्ज संरचनाएं विकसित की जाएंगी, जिससे भू-जल स्तर बढ़ाने और वर्षा जल संरक्षण में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना के तहत विकास कार्यों का चयन ग्राम सभा की स्वीकृति से होगा और मजदूरी दर बढ़ाकर 300 रुपए प्रतिदिन कर दी गई है। चालू वित्तीय वर्ष में मनरेगा और वीबी-जी राम जी के माध्यम से राज्य को लगभग 6,855 करोड़ रुपए मिलेंगे, जिससे ग्रामीण रोजगार और आधारभूत विकास कार्यों को गति मिलेगी।
योजना के अंतर्गत 318 प्रकार के विकास कार्य शामिल किए गए हैं, जिनमें जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन तथा जलवायु अनुकूलन एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्य प्रमुख हैं। सड़क, पुलिया, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी, अतिरिक्त स्कूल कक्ष, ग्रामीण पुस्तकालय, कोल्ड स्टोरेज, डेयरी, मत्स्य पालन और पशुपालन जैसी सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जल संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा, सामाजिक अधोसंरचना और ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाकर आत्मनिर्भर और विकसित गांवों का निर्माण करना है। प्रत्येक कार्य ग्राम सभा की स्वीकृति से होगा तथा डिजिटल मॉनिटरिंग, सामाजिक अंकेक्षण और गुणवत्ता नियंत्रण के माध्यम से पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
