रायपुर। प्रदेश के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में नए शिक्षा सत्र 2026-27 से पहली बार प्रवेश शुल्क लिया जाएगा। अब तक इन स्कूलों में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क था, लेकिन राज्य सरकार ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों से स्थानीय शुल्क लेने का निर्णय लिया है।
नई व्यवस्था के तहत हाई स्कूल (9वीं-10वीं) के विद्यार्थियों से 500 रुपये तथा हायर सेकेंडरी (11वीं-12वीं) के विद्यार्थियों से 550 रुपये प्रवेश शुल्क लिया जाएगा।
सरकार के अनुसार यह निर्णय आत्मानंद स्कूलों की आर्थिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इस राशि का उपयोग विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों, प्रयोगशाला सामग्री, खेल सामग्री, परीक्षा संचालन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास और संचालन पर किया जाएगा।
