Shreyas Iyer Catch IPL 2026 : मुंबई। आईपीएल 2026 के 24वें मैच में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने बाउंड्री लाइन पर शानदार फील्डिंग का कमाल दिखाते हुए एक यादगार रिले कैच पूरा किया। इस शानदार कैच से मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या आउट हुए और पूरा स्टेडियम तालियों से गूंज उठा।
बाउंड्री पर श्रेयस का कमाल
मार्को यानसेन की गेंद पर हार्दिक पांड्या ने लॉन्ग-ऑन की तरफ बड़ा शॉट खेला। श्रेयस अय्यर ने दौड़ते हुए गेंद को लपक लिया, लेकिन उनका संतुलन बिगड़ गया और वे बाउंड्री लाइन के बाहर जाने लगे। ऐसे में उन्होंने शानदार सूझबूझ दिखाते हुए हवा में ही गेंद को यानसेन की तरफ उछाल दिया। यानसेन ने आसानी से कैच पकड़ लिया और हार्दिक पांड्या की पारी का अंत कर दिया। यह रिले कैच फील्डिंग का बेहतरीन नमूना माना जा रहा है।
रोहित और सूर्या का हैरान रिएक्शन
यह शानदार कैच मुंबई इंडियंस के डगआउट के ठीक सामने हुआ, जहां रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव बैठे थे। इस पल को देखकर दोनों खिलाड़ी हैरान रह गए। सूर्यकुमार यादव का मुंह खुला का खुला रह गया, जबकि रोहित शर्मा आश्चर्य से उनकी ओर देखते नजर आए। श्रेयस अय्यर ने विकेट लेने के बाद दर्शकों की तरफ इशारा करते हुए जश्न मनाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
