छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जूनियर महिला वकील की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मृतका के कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पहले से शादीशुदा था और महिला उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी बात से नाराज होकर उसने हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
मृतका की पहचान 30 वर्षीय आराधना सिदार के रूप में हुई है, जो जिला कोर्ट में जूनियर वकील थीं। पुलिस जांच में पता चला कि करीब दो साल पहले उनकी पहचान सोशल मीडिया के जरिए लोकनाथ पटेल से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और प्रेम संबंध बन गए। हालांकि आरोपी पहले से शादीशुदा था, लेकिन दोनों लगातार संपर्क में थे। हाल के दिनों में आराधना उस पर शादी करने का दबाव बना रही थीं।
पुलिस के अनुसार, 9 मई की रात दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद 10 मई की सुबह आरोपी बाइक से आराधना को अपने साथ सक्ती ले गया। दोनों पहले दमाउधारा मंदिर घूमने पहुंचे और बाद में एक लॉज में रुके। आरोपी ने होटल के रजिस्टर में फर्जी नाम दर्ज कर दोनों को पति-पत्नी बताया। पुलिस का कहना है कि लॉज में भी शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।
अगली सुबह आरोपी आराधना को तुमीडीह जंगल ले गया। वहां सुनसान जगह पर उसने पीछे से गला दबाकर महिला को बेहोश कर दिया। इसके बाद पत्थर से चेहरा और सिर कुचल दिया। जब उसे लगा कि महिला की सांसें चल रही हैं, तब उसने चाकू से गला काट दिया। पुलिस के मुताबिक, वारदात को गुमराह करने के लिए आरोपी ने महिला के कपड़े भी उतार दिए और शव को जंगल में छोड़कर फरार हो गया।
हत्या के बाद आरोपी मृतका के मोबाइल से उसकी बहन और सहेलियों को कॉल करता रहा ताकि किसी को शक न हो। वह लड़की की आवाज निकालकर बात करता था। बाद में उसने मोबाइल तोड़कर फेंक दिया और आधार कार्ड व एटीएम कार्ड जला दिए। 12 मई को जंगल में महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और बाइक नंबर के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
