कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की तत्काल बर्खास्तगी की मांग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि पूरा देश जानता है कि NEET का पेपर परीक्षा से दो दिन पहले WhatsApp पर लीक हो गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने देश की शिक्षा व्यवस्था की नींव को नुकसान पहुंचाया है।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के बीच शिक्षा व्यवस्था के जरिए पैसे कमाने का गठजोड़ बन गया है। उनके मुताबिक विश्वविद्यालयों और शिक्षा संस्थानों में भ्रष्टाचार और पेपर लीक की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। राहुल गांधी ने दावा किया कि देश में अब तक 80 से अधिक बार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
उन्होंने मांग की कि पेपर लीक मामले में शामिल सभी लोगों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। साथ ही प्रधानमंत्री से धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की अपील भी की।
इधर, मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पुणे की वरिष्ठ वनस्पति विज्ञान शिक्षिका मनीषा गुरुनाथ मंधारे को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, वह जीव विज्ञान प्रश्नपत्र लीक मामले की मुख्य साजिशकर्ता बताई जा रही हैं।
सीबीआई के मुताबिक मनीषा मंधारे को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 परीक्षा प्रक्रिया में विशेषज्ञ के तौर पर नियुक्त किया था, जिसके चलते उन्हें वनस्पति विज्ञान और प्राणी विज्ञान के प्रश्नपत्रों तक पहुंच थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि अप्रैल 2026 के दौरान उन्होंने कुछ छात्रों को विशेष कक्षाओं के जरिए संभावित प्रश्न समझाए थे। बाद में इनमें से कई प्रश्न 3 मई को आयोजित वास्तविक NEET-UG परीक्षा में पूछे गए।
पिछले 24 घंटों में सीबीआई ने देशभर में छह स्थानों पर छापेमारी की है। इस दौरान कई दस्तावेज, लैपटॉप, बैंक स्टेटमेंट और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
