छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के महज 10 दिन बाद एक नाबालिग नवविवाहिता ने जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि युवती किसी अन्य युवक से प्रेम करती थी, लेकिन परिवार ने उसकी शादी दूसरी जगह करा दी थी।
मामला बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की की शादी हाल ही में सूरजपुर जिले के लाटोरी चौकी क्षेत्र स्थित अखोरा कला गांव निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद युवती ससुराल गई और दो दिन बाद चौथी रस्म के लिए मायके लौट आई थी।
बताया गया है कि युवती का गांव के ही दूसरे जाति के युवक से प्रेम संबंध था। जब इसकी जानकारी परिजनों को हुई, तो उन्होंने जल्दबाजी में उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी। इससे युवती मानसिक रूप से परेशान थी। बताया जा रहा है कि सुहागरात के दिन उसने अपने पति को भी अपने प्रेम संबंध के बारे में बताया था।
परिजनों के मुताबिक, मायके आने के बाद युवती ने अपने पिता को व्हाट्सएप पर जहर की बोतल की तस्वीर भेजी और जहर खा लेने की धमकी दी। पिता ने फोन पर उसे काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन जब तक वे घर पहुंचे, तब तक युवती जहरीला पदार्थ पी चुकी थी।
गंभीर हालत में उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवती ने आत्महत्या के लिए फोरेट नामक खतरनाक कीटनाशक का सेवन किया था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में प्रेम संबंध और जबरन शादी को आत्महत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।
