छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने अभिनव पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर पुलिस लाइन में हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया। इस हेलमेट बैंक में 1000 हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को अस्थायी रूप से प्रदान किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित यात्रा के लिए प्रोत्साहित करना और हेलमेट के नियमित उपयोग की आदत विकसित करना है।
सड़क सुरक्षा स्वयं और परिवार की जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर पुलिस की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट और चारपहिया वाहन में यात्रा के दौरान सीट बेल्ट का उपयोग करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण अनेक लोगों की जान चली जाती है। हेलमेट का नियमित उपयोग गंभीर चोट और मृत्यु के जोखिम को काफी हद तक कम कर सकता है। छोटी सी सावधानी न केवल व्यक्ति का जीवन बचा सकती है, बल्कि उसके परिवार को भी अपूरणीय क्षति से बचा सकती है।
जरूरतमंदों को अस्थायी रूप से मिलेगा हेलमेट
जशपुर पुलिस द्वारा संचालित हेलमेट बैंक की विशेषता यह है कि जिन नागरिकों को किसी आवश्यक कार्य से अचानक दोपहिया वाहन लेकर निकलना पड़ता है और उनके पास हेलमेट उपलब्ध नहीं है, उन्हें अस्थायी रूप से हेलमेट दिया जाएगा।
नागरिक अपना आवश्यक कार्य पूरा करने के बाद स्वयं का हेलमेट लेकर आएंगे और पुलिस द्वारा उपलब्ध कराया गया हेलमेट वापस जमा करेंगे। इसके साथ ही उन्हें सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े छोटे सेवा कार्य में पुलिस का सहयोग करना होगा।
बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर पुलिस का विशेष अभियान
जशपुर पुलिस द्वारा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के वाहन जब्त किए जा रहे हैं। नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करने पर बिना चालान काटे वाहन छोड़ा जा रहा है।
पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में हेलमेट के नियमित उपयोग की आदत विकसित करना है। ‘हर सिर पर हेलमेट, सुरक्षित आप, सुरक्षित परिवार’ के संदेश के साथ जशपुर पुलिस ने जिले में सड़क सुरक्षा को जनभागीदारी से जोड़ने का संकल्प लिया है।
सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करने में मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्वास जताया कि हेलमेट बैंक की पहल जिले में सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने नागरिकों से हर सफर में हेलमेट का उपयोग करने, सुरक्षित रहने और अपने परिवार को सुरक्षित रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया, कृष्णा राय, सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
