चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से महानदी का जलस्तर बढ़ने के कारण रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सरिया तहसील के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। हालात का जायजा लेने वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी स्वयं प्रभावित ग्रामीणों के बीच पहुंचे। उन्होंने राहत एवं बचाव दल के साथ नाव से जलमग्न ग्राम बोरिदा, ठेंगागुरी और तोरा का दौरा किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानीं।
चारों ओर पानी से घिरे गांवों में पहुंचकर वित्त मंत्री ने माताओं-बहनों, बुजुर्गों, बच्चों और युवाओं से बातचीत की। उन्होंने ग्रामीणों से बाढ़ की स्थिति और तत्काल आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। लोगों की सुरक्षा और सहायता के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।
ओपी चौधरी ने ग्रामीणों से कहा, “आप चिंता न करें, सरकार और पूरा प्रशासन आपके साथ है।” उन्होंने कहा कि बाढ़ की कठिन परिस्थिति में प्रभावित लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासन-प्रशासन की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं और किसी भी प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
मौके पर मौजूद अधिकारियों को उन्होंने प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों पर विशेष ध्यान देने तथा आवश्यकता पड़ने पर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों तक तत्काल पहुंचाने के निर्देश दिए।
वित्त मंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता और सुरक्षित बचाव सुनिश्चित करने के लिए सरकार और प्रशासन लगातार जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। महानदी के जलस्तर और प्रभावित गांवों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा परिस्थितियों के अनुसार राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
