मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रदेश में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विभिन्न जिलों में संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रेत, पत्थर, मिट्टी और गिट्टी के उत्खनन एवं परिवहन में लगे वाहनों को जब्त किया गया है तथा संबंधित मामलों में अर्थदंड और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
राजनांदगांव जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अब तक अवैध खनिज गतिविधियों के 52 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 18.95 लाख रुपये से अधिक का अर्थदंड वसूला गया है। इनमें अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े मामले शामिल हैं। वहीं बालोद जिले के ग्राम कसही में अवैध पत्थर उत्खनन करते पाए जाने पर एक चेन माउंटेन मशीन जब्त कर सील कर दी गई।
बलरामपुर जिले में अवैध रेत परिवहन में संलिप्त एक टिपर जब्त किया गया, जबकि एक फ्लाई ऐश ब्रिक्स इकाई से करीब 90 घनमीटर अवैध रूप से भंडारित रेत जब्त कर संचालक को नोटिस जारी किया गया। सरगुजा जिले में भी शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए जेसीबी, ट्रैक्टर और टिपर सहित छह वाहनों को जब्त किया गया।
खनिज विभाग ने बताया कि सभी मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेशभर में नियमित गश्त, आकस्मिक निरीक्षण और संयुक्त प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
