बलौदाबाजार। जिले के प्रभारी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों का बेहतर और गरिमापूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के साथ ही अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अंगदान का संकल्प लेने वाले पांच दानदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, फिरतराम साहू, पुष्पा साहू, भाटापारा से वेदराम आनंद और रेशमा बाई शामिल हैं। मंत्री जायसवाल ने अंगदान का संकल्प लेने वाले सभी दानदाताओं को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
मंत्री ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रमों के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभियान के तहत होने वाले सभी कार्यक्रमों को बेहतर समन्वय के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की भी सराहना की।
‘मेरे सपनों का भारत’ की प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत विद्यालय, ब्लॉक और जिला स्तर पर आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को कार्यक्रमों की व्यवस्थित रूपरेखा तैयार कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
‘आंगन मिलन सेवा’ में स्वास्थ्य जांच और सम्मान कार्यक्रम
‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों के सम्मान के साथ गर्भवती माताओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था करने को कहा गया। इसके साथ ही बच्चों और अन्य प्रतिभागियों के लिए खेलकूद गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
लाभार्थियों की सफलता की कहानियां होंगी प्रचारित
‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के तहत शासन की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों को विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रसारित करने के निर्देश दिए गए। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत गांवों, शहरों, नदियों, घाटों और तालाबों में जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
‘सेवा सेतु शिविर’ में तत्काल समस्याओं के निराकरण पर जोर
मंत्री जायसवाल ने ‘सेवा सेतु शिविर’ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि जिले के सभी ब्लॉकों में एक-एक चिन्हित गांव में शिविर आयोजित किया जाएगा। इन शिविरों में जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम मौजूद रहेगी। उन्होंने विशेष रूप से मेगा हेल्थ कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं और आवेदनों का मौके पर ही यथासंभव तत्काल निराकरण करना तथा पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाना होना चाहिए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक शासन की सेवाओं और योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए।
