गुरुग्राम। मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी-2 के विजेता एल्विश यादव के घर के बाहर रविवार तड़के ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। इस घटना की जिम्मेदारी कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग ने ली है। सुबह करीब 5:30 बजे गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके आवास पर यह वारदात हुई। गनीमत यह रही कि हमले के समय एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे।
25 से 30 राउंड फायरिंग, CCTV में कैद हमलावर
पुलिस के मुताबिक, बाइक पर सवार तीन बदमाश घर के गेट तक पहुंचे। इनमें से दो ने करीब 25 से 30 राउंड फायरिंग की, जबकि तीसरा बाइक पर बैठा रहा। घटना पास के CCTV कैमरे में कैद हो गई है। शुरुआती जांच में पुलिस को 10 से 12 राउंड फायरिंग के सबूत मिले हैं।
घर में मौजूद था सिर्फ केयरटेकर
फायरिंग के समय घर के अंदर केवल केयरटेकर मौजूद था। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। हालांकि, घटना के बाद पूरा परिवार दहशत में है। एल्विश यादव के पिता का कहना है कि उन्हें पहले कभी किसी तरह की धमकी नहीं मिली थी।
भाऊ गैंग ने दी चेतावनी?
खबरों के अनुसार, इस फायरिंग की जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ गैंग ने ली है। माना जा रहा है कि यह हमला एक तरह की चेतावनी थी। हालांकि, पुलिस अभी तक किसी हमलावर की पहचान नहीं कर पाई है। फिलहाल आसपास के सभी CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत इकट्ठे किए हैं।
एल्विश यादव: पॉपुलैरिटी और विवादों से घिरा सफर
28 वर्षीय एल्विश यादव का असली नाम सिद्धार्थ यादव है। उन्होंने 2016 में यूट्यूब से करियर की शुरुआत की और आज उनके 15 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। फेसबुक पर भी उनके 4 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं।
बिग बॉस ओटीटी-2 जीतने के बाद उनकी लोकप्रियता और बढ़ी, लेकिन उनके करियर पर कई विवादों का साया भी रहा। पिछले साल उन्हें सांप का जहर और रेव पार्टी केस में गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा यूट्यूबर मैक्सटर्न के साथ झगड़े को लेकर भी वह सुर्खियों में रहे थे।
