रायपुर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के बीच शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिलती दिख रही है। इसके बाद छत्तीसगढ़ में भी पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है।
“जनता ने TMC की निरंकुश सरकार को उखाड़ फेंका” – CM साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चुनावी रुझानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पांच राज्यों के नतीजे सामने आ रहे हैं और असम के साथ-साथ पश्चिम बंगाल में भी भाजपा बढ़त बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि “बंगाल की जनता ने तृणमूल कांग्रेस की निरंकुश सरकार को उखाड़ फेंका है” और राज्य में भाजपा की जीत तय है।
रायपुर में जश्न, कार्यकर्ताओं ने बांटी झालमुड़ी
रायपुर स्थित भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाते हुए झालमुड़ी बांटी और गीत गाकर खुशी जाहिर की। वहीं वित्त मंत्री ओपी चौधरी के शंकर नगर स्थित निवास के बाहर भी समर्थकों को झालमुड़ी खिलाई गई। बड़ी संख्या में लोग जश्न में शामिल हुए।
डिप्टी CM अरुण साव का पोस्ट
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा—“अंधेरा छटेगा, सूरज उगेगा, कमल खिलेगा।”
बंगाल की सीटों पर कड़ी नजर
पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों पर पूरे देश की नजर बनी हुई है। खासकर भवानीपुर सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प है, जहां ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच कड़ी टक्कर देखी जा रही है।
फिलहाल मतगणना जारी है और अंतिम परिणाम आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी, लेकिन शुरुआती रुझानों ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है।
