उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने रायपुर-जगदलपुर मार्ग पर निर्माणाधीन केशकाल घाट फोरलेन बायपास रूट का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ बायपास के दोनों छोरों का जायजा लेते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्री साव ने कहा कि बस्तर और छत्तीसगढ़ के लिए यह बायपास अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर परियोजना को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग द्वारा 308 करोड़ रुपये की लागत से 11.38 किलोमीटर लंबे केशकाल घाट फोरलेन बायपास का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना में दो वृहद पुल तथा दो मध्यम पुल भी बनाए जाएंगे। बायपास के पूर्ण होने से रायपुर और बस्तर के बीच यात्रा अधिक सुगम और सुरक्षित होगी।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कोंडागांव जिले में केशकाल से सलना तक चल रहे सड़क मजबूतीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने बेड़मा गांव में जल जीवन मिशन के अंतर्गत आयोजित जल अर्पण कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में नीलकंठ टेकाम तथा नुपुर राशि पन्ना भी उपस्थित रहीं।
क्रमांक-3209/कमलेश/
