मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ओडिशा प्रवास के दौरान भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री माझी ने मुख्यमंत्री साय का आत्मीय स्वागत किया।
इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आपसी सहयोग, विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। दोनों राज्यों के बीच समन्वय को और मजबूत करने तथा साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर आगे बढ़ने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा पड़ोसी राज्य होने के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रूप से भी एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। दोनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के बीच भी लंबे समय से आत्मीय और सामाजिक संबंध रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय से नागरिकों को सीधे लाभ मिलेगा। साथ ही, आपसी सहयोग से सीमावर्ती क्षेत्रों समेत पूरे क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिल सकती है।
मुलाकात के दौरान दोनों राज्यों के बीच संबंधों को और मजबूत करने तथा साझा विकास के अवसरों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
