रायपुर, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर के सेंध लेक के आसमान में भारतीय वायु सेना ने अपने अदम्य शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भारतीय वायु सेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम की फुल ड्रेस रिहर्सल में शामिल हुए। पांच हेलीकॉप्टरों की रोमांचकारी फॉर्मेशन, आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के साहसिक करतब और गरुड़ कमांडोज के विशेष ऑपरेशन प्रदर्शन ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान आसमान में तिरंगे की आकर्षक छटा और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने पूरे वातावरण को देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव से सराबोर कर दिया। मुख्यमंत्री साय ने भारतीय वायु सेना के जवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सारंग टीम का अनुशासन, साहस, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
## आकाशगंगा टीम ने पैराशूट से उतरकर दिखाया अद्भुत साहस
हवाई प्रदर्शन की शुरुआत भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने की। टीम के जवानों ने ऊंचे आसमान से छलांग लगाकर पैराशूट के माध्यम से सेंध लेक के सामने निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। जवानों के संतुलन, साहस और उत्कृष्ट प्रशिक्षण को देखकर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
## गरुड़ कमांडोज का विशेष ऑपरेशन प्रदर्शन बना आकर्षण
आकाशगंगा टीम के बाद भारतीय वायु सेना के गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का प्रदर्शन किया। जवानों ने हवा में स्थिर हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर रेस्क्यू एवं कॉम्बैट ऑपरेशन की प्रस्तुति दी। इस प्रदर्शन में कमांडोज की त्वरित कार्रवाई, परिचालन क्षमता और कठिन परिस्थितियों में मिशन पूरा करने की दक्षता देखने को मिली।
## पांच हेलीकॉप्टरों की फॉर्मेशन ने थाम दी दर्शकों की सांसें
कार्यक्रम का सबसे रोमांचकारी आकर्षण सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम की प्रस्तुति रही। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टरों ने नवा रायपुर के आसमान में एक के बाद एक शानदार फॉर्मेशन और हैरतअंगेज करतब दिखाए।
हेलीकॉप्टरों के क्रॉसओवर करतब ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। अत्यंत नजदीक से एक-दूसरे को पार करते हेलीकॉप्टरों की सटीक उड़ान, संतुलन और आपसी तालमेल ने भारतीय वायु सेना की तकनीकी दक्षता का परिचय दिया।
प्रदर्शन के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष कर प्रदेशवासियों का अभिवादन किया। इस आत्मीय संदेश से दर्शकों का उत्साह दोगुना हो गया।
## तिरंगे की फॉर्मेशन और वंदे मातरम् ने बढ़ाया देशभक्ति का उत्साह
हवाई प्रदर्शन के अंतिम चरण में सारंग टीम ने ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन प्रस्तुत की। आसमान में हेलीकॉप्टरों के शानदार तालमेल और तिरंगे के रंगों की छटा ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन अनुशासन, आपसी विश्वास, टीम भावना और उत्कृष्टता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य के निरंतर विकास एवं समृद्धि की कामना की।
## विश्वभर में भारत का गौरव बढ़ा रही सारंग टीम
भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम विश्व की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक प्रदर्शन टीम है। जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरिशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में अपने शानदार प्रदर्शन से टीम भारत की प्रतिष्ठा बढ़ा चुकी है।
## 2 नवंबर को होगा मुख्य एयर शो
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अंतर्गत भारतीय वायु सेना की सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम का मुख्य हवाई प्रदर्शन 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग टीम के साहसिक प्रदर्शन राज्य स्थापना दिवस के उत्सव को और भव्य बनाएंगे।
इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, श्रीमती कौशल्या साय सहित जनप्रतिनिधि, भारतीय वायु सेना के अधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
