छत्तीसगढ़ के कांकेर जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक पुराना कचहरी परिसर आज शिक्षा, संस्कृति और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का सशक्त केंद्र बनकर उभर रहा है। जिला प्रशासन द्वारा संचालित सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-मावा मोदोल न केवल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बना है, बल्कि आदिवासी संस्कृति और भाषाओं के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
जिला प्रशासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘हमर लक्ष्य’ के तहत विकसित इस केंद्र में प्रतिदिन लगभग 1,000 विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। यहां शांत और सुव्यवस्थित अध्ययन वातावरण के साथ छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए मैराथन क्लासेस भी आयोजित की जा रही हैं।
सेंट्रल लाइब्रेरी-सह-मावा मोदोल के नोडल अधिकारी एवं जिला मिशन समन्वयक नवनीत पटेल ने बताया कि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं और विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार निषाद के मार्गदर्शन में इस अध्ययन केंद्र का लगातार विस्तार और उन्नयन किया जा रहा है।
इस पहल की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि अब तक यहां अध्ययन कर चुके 89 युवाओं ने विभिन्न शासकीय सेवाओं में सफलता हासिल की है। यह उपलब्धि केंद्र की प्रभावशीलता और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन का प्रमाण मानी जा रही है।
शिक्षा के साथ-साथ पुराना कचहरी परिसर आदिवासी संस्कृति के संरक्षण का भी प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां स्थापित कोयाबाना आदिवासी संग्रहालय स्थानीय जनजातीय इतिहास, परंपराओं, जीवनशैली और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का कार्य कर रहा है। इसके अलावा परिसर में गोंडी और हल्बी भाषाओं का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिसमें वर्तमान में लगभग 80 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़कर रखना है।
हरियाली से आच्छादित परिसर, ऐतिहासिक प्रवेश द्वार, सुंदर उद्यान और स्वच्छ वातावरण इसे विद्यार्थियों, अभिभावकों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाते हैं। शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन, भाषा संरक्षण और सांस्कृतिक संवर्धन का यह अनूठा मॉडल आज कांकेर जिले की पहचान बनता जा रहा है और युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए नई दिशा प्रदान कर रहा है।
