छत्तीसगढ़ में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने सूरजपुर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कोयला और रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त वाहनों को जप्त किया है। कार्रवाई के दौरान कई वाहन मालिकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री के सुशासन एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के संकल्प के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा जिले में लगातार निगरानी अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देश पर खनिज विभाग, जिला स्तरीय टास्क फोर्स तथा खनिज अमले द्वारा खनन प्रभावित क्षेत्रों में सघन जांच की जा रही है।
कोयले के अवैध परिवहन पर कार्रवाई
खनिज विभाग द्वारा 7 जून को तहसील सूरजपुर के ग्राम पचिरा-मानी चौक मार्ग पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्राम बेलटिकरी के समीप अवैध रूप से कोयला परिवहन करते हुए छह मोटरसाइकिलों को पकड़ा गया।
जांच में इन वाहनों से लगभग पांच टन कोयला बरामद किया गया। जप्त कोयले और वाहनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस थाना सूरजपुर में सुरक्षित रखा गया है।
रेत के अवैध परिवहन में भी कार्रवाई
खनिज विभाग ने ग्राम राजापुर, हर्राटिकरा और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रेत परिवहन के मामलों में तीन टिपर वाहनों के मालिकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए हैं।
इसके अलावा 8 जून को राजापुर रेत खदान क्षेत्र में औचक निरीक्षण के दौरान अवैध रेत परिवहन में लगे दो अन्य टिपर वाहनों को भी जप्त किया गया। संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए जप्त वाहन और खनिज सामग्री पुलिस थाना जयनगर को सुपुर्द की गई है।
अभियान रहेगा जारी
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग द्वारा प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और राजस्व हानि रोकने के लिए नियमित निरीक्षण एवं सघन जांच अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध खनिज गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
