छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं सरगुजा संभाग के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने रविवार को अंबिकापुर में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय और सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मंत्री चौधरी ने कहा कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर संवाद और सहयोग से ही विकास कार्यों को गति मिल सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों के सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से लें तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार ऐसे मामलों को गंभीरता से ले रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
हाल के विवादों का भी रहा संदर्भ
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच विवाद की घटनाएं सामने आई थीं। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और एक नायब तहसीलदार के बीच हुए विवाद के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा था। वहीं प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते और सामरी विधायक द्वारा भी प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यप्रणाली को लेकर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई गई थी। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा भी मंच से अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त किए जाने की चर्चा रही थी।
सियान गुड़ी का उद्घाटन
अंबिकापुर प्रवास के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने “सियान गुड़ी” का उद्घाटन भी किया। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल निर्माण पर बोले मंत्री
सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधूरे निर्माण कार्य को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री चौधरी ने कहा कि परियोजना के लिए आवश्यक राशि जारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री के रूप में उनकी जिम्मेदारी वित्तीय स्वीकृति प्रदान करना था, जिसे पूरा कर दिया गया है। अब प्रभारी मंत्री के रूप में वे निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के लिए लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि अस्पताल भवन का निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ होगा और क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
बैठक और कार्यक्रम में सरगुजा सांसद Chintamani Maharaj, विधायक Prabodh Minj, सरगुजा कलेक्टर Ajit Vasant सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
