छत्तीसगढ़ सरकार की नई पहल: ‘मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप’ से युवाओं को मिलेगा प्रशासन में करियर का मौका
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने युवाओं को शासन और नीति निर्माण से जोड़ने के लिए ‘मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप’ कार्यक्रम की शुरुआत की है। यह दो वर्षीय एमबीए डिग्री कार्यक्रम भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) रायपुर और छत्तीसगढ़ सरकार के सुशासन एवं अभिसरण विभाग के सहयोग से संचालित किया जाएगा।
फेलोशिप के तहत राज्य सरकार चयनित विद्यार्थियों की ट्यूशन फीस वहन करेगी और प्रत्येक को 50,000 रुपये मासिक छात्रवृत्ति प्रदान करेगी। पढ़ाई के साथ-साथ छात्र विभिन्न विभागों और जिलों में प्रशासनिक कार्यों का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त करेंगे। साथ ही छात्र अपने नीतिगत सुझाव सीधे मुख्यमंत्री को भी प्रस्तुत कर सकेंगे।
पात्रता और चयन प्रक्रिया:
- अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ के मूल निवासी होना चाहिए।
- अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष।
- वैध कैट (CAT) स्कोर 2022, 2023 या 2024 अनिवार्य।
- चयन में समूह चर्चा और साक्षात्कार शामिल होंगे।
यह फेलोशिप शासन, नीति निर्माण और सामाजिक विकास में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है। अधिक जानकारी और आवेदन के लिए IIM रायपुर की वेबसाइट पर विजिट करें।
