हैदराबाद। बॉलीवुड और हॉलीवुड स्टार प्रियंका चोपड़ा अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ की शूटिंग के अगले शेड्यूल के लिए हैदराबाद पहुंच गई हैं। रविवार को उन्हें हैदराबाद एयरपोर्ट पर पति निक जोनस और बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस के साथ देखा गया। एयरपोर्ट से बाहर निकलते हुए निक अपनी बेटी को गोद में लिए नजर आए, जबकि प्रियंका उनके साथ चलती दिखाई दीं। परिवार का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसे खूब पसंद कर रहे हैं।
प्रियंका जल्द शुरू करेंगी नए शेड्यूल की शूटिंग
निर्देशक एसएस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ का निर्माण बड़े स्तर पर किया जा रहा है। फिल्म की शुरुआती शूटिंग पहले ही हैदराबाद में हो चुकी है, जहां कई बड़े एक्शन सीक्वेंस फिल्माए गए थे। अब फिल्म के अगले चरण में कुछ महत्वपूर्ण कनेक्टिंग सीन शूट किए जाने हैं, जिनके लिए प्रियंका चोपड़ा हैदराबाद पहुंची हैं।
एयरपोर्ट लुक ने खींचा फैंस का ध्यान
हैदराबाद एयरपोर्ट पर प्रियंका चोपड़ा ब्राउन को-ऑर्ड सेट, बेज कैप और ब्लैक सनग्लासेस में नजर आईं। वहीं निक जोनस ऑल-ब्लैक आउटफिट और स्टाइलिश सनग्लासेस में दिखाई दिए। सबसे ज्यादा चर्चा निक और मालती की क्यूट बॉन्डिंग की रही, जिसने सोशल मीडिया पर फैंस का दिल जीत लिया।
महेश बाबू और पृथ्वीराज के साथ दिखेंगी प्रियंका
‘वाराणसी’ एक बड़े बजट की पैन-इंडिया फिल्म है, जिसमें महेश बाबू मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम किरदार में नजर आएंगे। यह प्रोजेक्ट लंबे समय से चर्चा में है और इसकी शूटिंग भारत के कई राज्यों के अलावा केन्या में भी की जा चुकी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के कुछ खास दृश्य अंटार्कटिका में शूट किए जाने की भी योजना है।
2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म
‘वाराणसी’ के जरिए प्रियंका चोपड़ा लंबे समय बाद भारतीय सिनेमा में वापसी कर रही हैं। एसएस राजामौली के निर्देशन में बन रही इस मेगा प्रोजेक्ट को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। फिल्म के 21 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने की संभावना है और इसे भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है।
