जंतर-मंतर पर एक महीने से अधिक समय से जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन को देश-विदेश से समर्थन मिलने का दावा किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, दिल्ली नहीं पहुंच पाने वाले लोग भी फूड डिलीवरी ऐप्स और अन्य माध्यमों से भोजन तथा जरूरी सामान भेजकर आंदोलन में सहयोग कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि शुरुआत में समर्थकों ने सोशल मीडिया और संपर्क सूत्रों के जरिए प्रदर्शनकारियों तक मदद पहुंचाई। इसके बाद स्विगी, जोमैटो, ब्लिंकिट और जेप्टो जैसे फूड एवं क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से नाश्ता, भोजन, दवाइयां, ब्रश, सैनिटरी पैड, मच्छरदानी, पंखे सहित अन्य आवश्यक सामग्री भेजी जाने लगी।
प्रदर्शनकारियों का दावा है कि मुंबई, चेन्नई, सूरत, कोच्ची, पटना, जयपुर, हैदराबाद, नागपुर और बेंगलुरु सहित कई शहरों से लगातार ऑर्डर भेजे जा रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल कुछ वीडियो में डिलीवरी पार्टनर्स के हवाले से यह दावा भी किया गया कि कुछ ऑर्डर दुबई, कतर और बांग्लादेश जैसे देशों से भी भेजे गए हैं।
एक प्रदर्शनकारी ने एक यूट्यूब चैनल से बातचीत में दावा किया कि दुबई से एक समर्थक ने अलग-अलग खेप में करीब 2,000 फूड पैकेट भेजे। आंदोलन की फंडिंग को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उन्होंने कहा कि उन्हें केवल डिलीवरी ऑर्डर प्राप्त होते हैं और सामान पहुंचा दिया जाता है।
हालांकि, विदेशों से भोजन और अन्य सामग्री भेजे जाने के इन दावों की स्वतंत्र रूप से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि कथित विदेशी ऑर्डर वहां रह रहे भारतीयों ने भेजे हैं या अन्य नागरिकों ने।
