दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET-UG और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के कथित प्रश्नपत्र लीक के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन को अब बॉलीवुड से भी समर्थन मिलने लगा है। अभिनेता सलमान खान के बाद अभिनेत्री आलिया भट्ट ने भी सोशल मीडिया पर छात्रों के समर्थन में भावुक संदेश साझा किया है।
आलिया भट्ट ने अपने संदेश में लिखा कि पिछले कुछ दिनों ने उनका दिल कई बार तोड़ा और फिर उम्मीद भी जगाई। उन्होंने कहा कि हर प्रदर्शनकारी छात्र के पीछे एक सपना, परिवार की उम्मीद और वर्षों का संघर्ष जुड़ा होता है। उनके अनुसार, ये छात्र केवल अपने लिए नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए भी आवाज उठा रहे हैं।
अभिनेत्री ने छात्रों के साहस और संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि उनका संघर्ष पूरे देश के लिए एक आईना है, जो यह सोचने पर मजबूर करता है कि क्या हम वास्तव में देश के भविष्य की आवाज सुन रहे हैं। उन्होंने अपने संदेश का समापन “छात्रों के लिए, छात्रों द्वारा, भविष्य उन्हीं का है। जय हिंद।” शब्दों के साथ किया।
इससे पहले अभिनेता सलमान खान ने भी सोशल मीडिया पर छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा था कि यह शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा मुद्दा है और इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि सरकार और छात्र मिलकर शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएंगे।
गौरतलब है कि दिल्ली में छात्र NEET-UG समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। वहीं केंद्र सरकार का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इस मुद्दे पर संसद में भी चर्चा की जाएगी।
